लोक सभा
अतारांकित प्रश्न सं. 5139
24.07.2019 को उत्तर दिए जाने के लिए
अवैध प्रवासन
5139. श्री के. सुब्बारायणः
क्या विदेश मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि:
(क) क्या 243प्रवासियों के साथ रवाना हुई एक नाव के लापता होने की घटना के संबंध में सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है;
(ख) यदि हां, तो तत्संबंधी ब्यौरा क्या है;
(ग) क्या पुरुषों, महिलाओं और बच्चों, विशेषकर दिल्ली में बसे श्रीलंका के तमिलों को अज्ञात देशों में दुर्व्यापारित करने के लिए एक सुनियोजित अभियान चल रहा है; और
(घ) यदि हां, तो तत्संबंधी ब्यौरा क्या है और भारतीय पत्तनों/बंदरगाहों के माध्यम से लोगों के इस प्रकार के अवैध प्रवासन को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं?
उत्तर
विदेश राज्य मंत्री
(श्री वी. मुरलीधरन)
(क) और (ख) गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार केरल में मुनाम्बम बंदरगाह से 12.01.2019 को लगभग 105 लोग 'दया माथा-2’ नामक मछली पकड़ने वाली नौका से निकले थे।
भारतीय तटरक्षकों ने जहाजों, हॉवरक्राफ्ट तथा हवाई जहाजों की मदद से गहन खोजबीन अभियान चलाया। इस मामले से संबंधित जानकारी इंटरपोल तथा अन्य एजेंसियों के साथ साझा की गई है ताकि लापता नौका तथा उसमें सवार लोगों का पता लगाया जा सके। अभी तक उस नौका का पता नहीं लग पाया
है।
(ग) और (घ) सरकार एक कानूनी, सुरक्षित, व्यवस्थित तथा मानवीय तरीके से प्रव्रजन प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु दृढ़तापूर्वक प्रतिबद्ध है और वह किसी भी प्रकार से अवैध प्रव्रजन को रोकने के लिए अपेक्षित उपाय करती रहती है। वर्तमान मामले में केरल पुलिस द्वारा भारतीय
दंड संहिता की धारा 468, 471, 109 तथा 120 बी, पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 (1) (क), विदेशी राष्ट्रिक अधिनियम की धारा 14 क (ख) तथा (ग) और आप्रवासन अधिनियम की धारा 24 (1) (क) के तहत आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं और इस गैर-कानूनी काम में मदद करने वाले 3 व्यक्तियों
को हिरासत में ले लिया गया है। जाँच के लिए केरल पुलिस का एक विशेष दल गठित किया गया है।
*****