1. भारत की ओर से बेनिन की पहली राजकीय यात्रा करना मेरे लिए सम्मान की बात है | मैं राष्ट्रपति टालोन का उनके द्वारा किए गए अपने शालीन स्वागत और सत्कार के लिए धन्यवाद करता हूँ |
2. भारत-बेनिन के सम्बन्ध हमेशा से बहुत नजदीकी और सौहार्द्रपूर्ण रहे हैं | मेरी इस यात्रा ने इस विशेष बंधन को और अधिक मजबूती प्रदान करने का मौका दिया है | पश्चिम अफ्रीका में पिछले तीन दशकों से स्थिर लोकतंत्र के चमकते उदारहरण के रूप में बेनिन गणराज्य के उद्भव
से, विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत प्रभावित हुआ है | मैं आज कुछ समय बाद बेनिन की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूँ |
3. आज मेरी राष्ट्रपति टालोन से विस्तृत वार्ता हुई | हम दोनों ही आर्थिक साझेदारी पर विशेष ध्यान देने के साथ हमारे संबंधों को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं | पिछले दस वर्षों में हमारा द्विपक्षीय व्यापार 350 मिलियन अमरीकी डॉलर से बढ़ कर 800 मिलियन अमरीकी
डॉलर तक पहुँच गया है | इसके साथ ही भारत बेनिन का सबसे बड़ा व्यापार साझीदार बन गया है | हमारे शुल्क-मुक्त टैरिफ वरीयता योजना ने बेनिन के निर्यात में पिछले वर्ष 68% की वृद्धि करके इसे 376 मिलियन अमरीकी डॉलर तक पहुँचाने में मदद की है | हम सह्मत हैं कि व्यापार
तथा निवेश संबंधों को बढ़ाने के अपार अवसर हैं | भारत की परिवर्तनकारी वृद्धि और बेनिन की प्राकृतिक ताकत एक- दूसरे के पूरक हैं | राष्ट्रपति ने संरचना, आतिथ्य-सत्कार तथा स्वास्थ्य क्षेत्रों सहित बेनिन में नए भारतीय निवेश का स्वागत किया है |
4. हमारी आर्थिक-साझेदारी को और मजबूत करने के लिए हमने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें भारत, बेनिन में एक निर्यात ऋण एजेंसी की स्थापना करने में मदद करेगा | मैंने बेनिन को ई-वीज़ा सुविधा देने के हमारे निर्णय से भी अवगत कराया है ताकि व्यापार एवं लोगों के
लोगों से संबंधों को बढ़ावा दिया जा सके | इन पहलकदमियों के अलावा हमने बेनिन में वित्तीय विकास परियोजनाओं के लिए 100 मिलियन अमरीकी डॉलर के क्रेडिट की एक नई लाइन का प्रस्ताव किया है | हमने भारतीय वित्तीय मदद द्वारा चल रही परियोजनाओं का जायजा लिया है और आशा करते
हैं कि वे शीघ्र ही पूरे हो जाएँगी, विशेष रूप से बेनिन के 103 गावों को पीने के साफ़ पानी की आपूर्ति करने वाली परियोजना | बेनिन के लिए भारत के टेली-शिक्षा कार्यक्रम - ई विद्याभारती तथा टेली-मेडिसिन पहल – ई आरोग्यभारती को प्राप्त करने के लिए देश-समझौते पर हस्ताक्षर
करके दोनों देश विकास-साझेदारी को आगे बढाने के लिए और प्रतिबद्ध हैं | इन कार्यक्रमों के तहत भारत अफ्रीका में 1500 छात्रों को मुफ्त टेली शिक्षा पाठ्यक्रम तथा 1000 डॉक्टरों एवं चिकित्सा-सहायकों को मुफ्त टेली-मेडिसिन पाठ्यक्रम प्रदान करेगा | बेनिन के लिए नागरिक
एवं रक्षा दोनों क्षेत्रों में पेश किए गए हमारे प्रशिक्षण कार्यक्रम को बेनिनीज पक्ष की आवश्यकताओं के अनुसार विस्तारित किया जाएगा |
5. लोगों के लोगों से सम्बन्ध भारत-बेनिन जुडाव का एक महत्वपूर्ण स्तम्भ है | दोनों देशों के बीच एक जीवित पुल के रूप में बेनिन में भारतीय समुदाय की भूमिका की राष्ट्रपति टालोन तथा मैंने सराहना की | दोनों देशों के लोगों को और नजदीक लाने के लिए हमने आज सांस्कृतिक
आदान-प्रदान कार्यक्रम पर भी हस्ताक्षर किए हैं |
6. इसके अतिरिक्त हमने रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया है | हंमने बेनिन को इसकी समुद्री-चोरी विरोधी क्षमता को विस्तृत करने के लिए और प्रशिक्षण सहायता का प्रस्ताव किया है.
7. राष्ट्रपति टालोन एवं मैंने हमारी वैश्विक साझेदारी की भी समीक्षा की | मैंने, संयुक्त- राष्ट्र सुरक्षा-परिषद् की स्थाई सदस्यता के लिए भारत की उम्मीदवारी के लिए उनके स्पष्ट समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया | बेनिन और भारत, आतंकवाद एवं समुद्री-डकैती के विरुद्ध
वैश्विक संघर्ष में साथ हैं | हम अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए मिल कर काम करने पर सहमत हुए |
8. मैंने इस अवसर पर अफ्रीका के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की | पश्चिम अफ्रीका की इस यात्रा में, मैं भारत की और से गाम्बिया और गिनी गणराज्य की पहली राजकीय यात्रा भी करूंगा | हम अफ्रीका को एक जीवंत आर्थिक इकाई के रूप में उभरते हुए देख कर खुश
हैं, जो विश्व अर्थव्यवस्था के साथ एकीकृत है | मैंने इस महीने के शुरू में अफ़्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए राष्ट्रपति टालोन की सराहना की |
9. मुझे विश्वास है कि मेरी यह राजकीय यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी |
धन्यवाद |
कोटोनाऊ
29 जुलाई, 2019